अतिक्रमण हटाने का विरोध, युवक टावर पर चढ़ा:डेढ़ घंटे बाद मकान नहीं तोड़ने पर सहमति, 150 फीट ऊंचे टावर से सुरक्षित उतारा

विदिशा में शमशाबाद तहसील के ग्राम वर्धा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। एक युवक विरोध स्वरूप गांव में लगे करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। जानकारी के अनुसार, ग्राम वर्धा निवासी बलवीर धाकड़ ने लगभग एक माह पहले अपने खेत का सीमांकन कराया था। सीमांकन में उनकी भूमि पर मनफूल धाकड़ का कच्चा मकान अतिक्रमण में पाया गया। इसी आधार पर शुक्रवार को तहसीलदार शमशाबाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे, ताकि अतिक्रमण हटाकर भूमि मालिक को कब्जा दिलाया जा सके। मकान हटाने का किया था विरोध
प्रशासनिक अमले के पहुंचते ही मनफूल धाकड़ ने मकान हटाने का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने मकान नहीं हटाया, लेकिन आसपास की खुली जमीन पर तार फेंसिंग कर दी। इससे नाराज होकर मनफूल धाकड़ गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही एसडीएम अजय पटेल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मकान नहीं तोड़ने की मांग पर अड़ा रहा। टावर पर युवक के चढ़े होने से किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रही। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद भूमि मालिक ने फिलहाल कच्चा मकान नहीं हटाने पर सहमति जताई। इसके बाद युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। सरपंच प्रहलाद धाकड़ के अनुसार, गांव के लोगों ने रस्सी के सहारे युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *