पुनासा मेन मार्केट में शाम 7 बजे डकैती:सराफा व्यापारी पर हवाई फायर कर 3.15 करोड़ के आभूषण लूटे

पुनासा नगर के सोलंकी मार्केट में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे सात नकाबपोश डकैतों ने सराफा व्यापारी की दुकान पर डाका डाल दिया। वारदात उस वक्त हुई, जब व्यापारी सोने-चांदी के आभूषण बैग में भरकर दुकान बंद कर रहे थे। जैसे ही व्यापारी ने दो बैग नीचे रखकर शटर बंद करना शुरू किया, तभी लाठी, पत्थर, धारदार हथियार और पिस्टल से लैस डकैतों ने हमला कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सिर, पैर और गुप्तांग पर वार किए, जिससे व्यापारी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। डकैत गहनों से भरे बैग लूटकर भागने लगे। आसपास के व्यापारियों ने पीछा किया तो बदमाशों ने हवाई फायर कर दहशत फैला दी और धाराजी की ओर फरार हो गए। पीड़ित सराफा व्यापारी राकेश सोनी ने बताया कि बदमाश करीब 3 करोड़ 15 लाख 26 हजार रुपए के आभूषण लूट ले गए, जिनमें करीब 80 किलो चांदी और 900 ग्राम सोना शामिल है। घायल राकेश को पहले पुनासा सीएचसी, फिर सनावद और हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर किया गया। सूचना पर एसपी मनोज कुमार राय और एसडीओपी मनोहर गवली अस्पताल पहुंचे।
घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बीते 20 साल में 15 से अधिक बड़ी वारदात हो चुकी हैं, लेकिन एक भी मामले में बदमाश नहीं पकड़े गए। पुलिस को आशंका है कि डकैत नदी के रास्ते देवास जिले की ओर भागे हैं। तलाश जारी है। एक साल पहले भी शुक्रवार शाम राकेश पर हुआ था हमला परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को हाट बाजार के चलते एक साल पहले भी शाम करीब 7 बजे राकेश को बदमाशों ने निशाना बनाया था। तब गहनों का बैग लेकर घर पहुंचते ही दो बदमाशों ने पीछे से हमला किया। कुत्ते के भौंकने और परिजनों के दौड़ने पर आरोपी भाग निकले। बाहर उनके साथी बाइक से फरार हो गए। तब से बदमाश लगातार रैकी कर रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *