उदयपुर में टैंक में गिरने से 5 साल की मौत:घर से खेलने के लिए बाहर निकला, तभी बिना ढक्कन के पानी के टैंक में गिरा, तैरता हुआ मिला शव

उदयपुर के गोगुंदा में पानी के टैंक में गिरने से 5 साल के मासूम की मौत हो गई। मासूम रोजाना की तरह अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक खुले टैंक में गिर गया। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाहर टैंक का ढक्कन खुला देखकर जब अंदर झांका तो मासूम का शव पानी में तैरता मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से शव को टैंक से बाहर निकलवाया। इसके बाद गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाया गया। घटना गोगुंदा के भूताला के घाटा गांव की है। थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि भूताला के घाटा निवासी 5 वर्षीय गणेश पुत्र रमेश गमेती रोज की तरह घर के बाहर खेल रहा था। करीब डेढ़ घंटे बाद जब मां उसे देखने बाहर आई तो वह नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पड़ोसियों के यहां और आसपास काफी तलाश की। इसी दौरान घर के पास बने खुले पानी के टैंक पर नजर पड़ी। जब टैंक में झांका तो पानी से भरे टैंक में गणेश का शव तैरता हुआ मिला। हादसे की वजह लापरवाही सामने आई है। टैंक पर न तो ढक्कन लगा था और न ही ऊपर कोई पत्थर या कोई कवर रखा गया था। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। मृतक के 3 भाई बहन है। उसके पिता मजदूरी करते है। गोगुंदा थाना अधिकारी श्याम सिंह चारण ने लोगों से अपील की है कि घरों के बाहर बने पानी के टैंकों को खुला न छोड़ें। छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इनपुट – गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *