ससुराल आए युवक की संदिग्ध मौत:पत्नी को लेने आया था, उल्टियां होने पर अस्पताल लेकर पहंचे थे ससुरालवाले

सतना जिले के भादे निवासी 28 वर्षीय संदीप कुशवाहा की अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपनी पत्नी को लेने ग्राम इटवा पुरैना आया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहरीले पदार्थ के सेवन से उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के ससुर राम सेवक ने बताया कि संदीप 9 जनवरी की शाम 4 बजे ससुराल आया था। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि संदीप को उल्टियां हो रही हैं। उसे तत्काल देवेंद्रनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं पाए। मृतक के पिता राम निवास कुशवाहा ने घटना पर संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि उनकी बहू पांच दिन पहले मायके आई थी। राम निवास खुद उसे लेने गए थे, लेकिन ससुराल वालों ने उसे कुछ दिन और रोकने की बात कही। जब संदीप अपनी पत्नी को लेने पहुंचा, तो उसी शाम उसकी मौत की खबर मिली। संदीप पेशे से ट्रैक्टर चालक था और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी मौत के बाद उसके चार बच्चे—रेणु (9 वर्ष), अनूपा (7 वर्ष), अंजना (5 वर्ष) और सौरभ (4 वर्ष) अनाथ हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने 10 जनवरी, शनिवार को शव का पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *