बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दो युवकों ने घरों और सड़कों के किनारे लगे भगवा झंडों को आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से लगभग दस जले हुए भगवा झंडे बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आगामी समय में होने वाले हिंदू सम्मेलन को लेकर ये भगवा झंदे लगाए गए थे। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीओपी सुनील लाटा के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। एसपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे
सहायक संचालक जनसंपर्क रोमित उइके ने जानकारी दी कि हिंदू संगठन के झंडे जलाने की सूचना सबसे पहले कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को मिली थी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल पुलिस अधीक्षक और एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह को घटनास्थल पर भेजा। एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार का कोई तनाव नहीं है। पुलिस संदिग्ध युवकों से हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ कर रही है।


