डीडवाना-कुचामन पुलिस ने एटीएम लूट के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ की गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी डीडवाना जेतू सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। खुनखुना थानाधिकारी मनसीराम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस मामले को सुलझाने में सफलता प्राप्त की। घटना 14 दिसंबर 2025 की रात की है, जब तोषिणा कस्बे में नागौर रोड स्थित विनायक मोटर्स के सामने से एसबीआई बैंक का एटीएम गैस कटर से काटकर चुरा लिया गया था। एटीएम मशीन में लगभग 20 लाख 46 हजार 500 रुपए की नकदी मौजूद थी। हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने खुनखुना पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर गहन जांच शुरू की। पुलिस टीम ने राजस्थान से हरियाणा तक फैले 10 प्रमुख मार्गों पर लगभग 400 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। करीब एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वारिस उर्फ लहकी (26), मुस्कान अली (19) और उस्मान उर्फ अन्धा (28) शामिल हैं। इन आरोपियों ने तोषिणा बस स्टैंड पर स्थित एटीएम को गैस कटर से काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार भी जब्त कर ली है। लूटी गई नकदी की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में आगे की जांच जारी है। अपराध का तरीका
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह घटना से करीब 10 दिन पहले ऐसे एटीएम की रेकी करता था जो आबादी क्षेत्र से दूर हों और जहां सुरक्षा गार्ड तैनात न हो। रेकी के दौरान एटीएम की लोकेशन, आवाजाही के रास्ते, सीसीटीवी कैमरे एवं आसपास की गतिविधियों का अध्ययन किया जाता था। वारदात के दिन आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगी गाड़ी का उपयोग करते, सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर उन्हें निष्क्रिय करते और 5 से 7 मिनट में गैस कटर से एटीएम काटकर फरार हो जाते थे।
आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी वारिस उर्फ लहकी एवं उस्मान उर्फ अन्धा के विरुद्ध पूर्व में गौ-तस्करी, मारपीट, रेप, चोरी सहित अन्य गंभीर अपराधों के प्रकरण दर्ज हैं।
विशेष योगदान
इस कार्रवाई में खुनखुना थाना टीम, साइबर पुलिस थाना डीडवाना तथा भिवाड़ी पुलिस की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर टीम एवं फील्ड स्टाफ के समन्वय से यह बड़ा खुलासा संभव हो सका।
डीडवाना–कुचामन पुलिस की इस कार्रवाई से एटीएम लूट जैसी संगठित आपराधिक वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आमजन में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत होगा।


