गोयली में पीएचसी भवन का शिलान्यास:राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने किया भूमि पूजन, 1.82 करोड़ होंगे खर्च

राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को गोयली में पीएचसी भवन का शिलान्यास किया गया। इस भवन के निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 82 लाख रुपए खर्च होंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि क्षेत्र में अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि विकास कार्य सामूहिक प्रयासों से ही पूरे होते हैं, इसलिए ग्रामवासियों के पूर्ण सहयोग से समय-समय पर विकास कार्य करवाए जाएंगे। देवासी ने बताया कि पीएचसी का कार्य जनभावना के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने गोयली में पूर्व में किए गए गौरव पथ और पानी की टंकियों जैसे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और क्षेत्रवासियों को भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
सांसद लुंबाराम चौधरी ने अपने संबोधन में पीएचसी के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में करवाए जा रहे विकास कार्य अभूतपूर्व हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चला रही है।
सांसद चौधरी ने सभी पात्र व्यक्तियों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में अतिथियों ने वैदिक विधि-विधान से पीएचसी का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, प्रधान हंसमुख कुमार, जिला परिषद सदस्य महेंद्र कुमार राणा, पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मण सिंह सोलंकी, प्रशासक राजू कुंवर, कांतिलाल पुरोहित, शंकर लाल देवासी, नाथूराम मेघवाल, हार्दिक देवासी, नैन सिंह, तेजसिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, विकास अधिकारी मंछाराम, सीएमएचओ डॉ दिनेश खराड़ी, बीसीएमओ विवेक जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामवासी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *