रायपुर के उरला इलाके में एक ढाबे के बाहर ट्रक ड्राइवर की लाश मिली थी। पहले हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन जांच में पता चला कि, युवक की मौत किसी हमले से नहीं, बल्कि इंटरनल ब्लीडिंग के कारण हुई है। मृतक की शिनाख्त चेन्नई निवासी के. दिनेश के रूप में हुई है। उरला टीआई रोहित कुमार मालेकर ने बताया कि, शनिवार दोपहर 11 बजे अन्नपूर्णा होटल के पास ट्रक ड्राइवर की लाश मिली। ड्राइवर की हत्या होने की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की तो पता चला कि, शुक्रवार की रात को वो विधानसभा इलाके में स्थित अंकित प्रकाश कंपनी के परिसर में ट्रक में सामान लोड करवा रहा था। सिर पर गिरा था गाड़ी का डाला सामान लोड करवाने के दौरान गाड़ी का डाला उसके सिर पर गिर गया था। ड्राइवर को कम चोट का एहसास हुआ तो उसने इलाज नहीं करवाया। अपने हेल्पर को गाड़ी में बिठाकर उरला थाना क्षेत्र में अन्नपूर्णा ढाबा के पास पहुंचा। यहां ड्राइवर रात को आराम करने के लिए लेटा और सुबह तक इंटरनल ब्लीडिंग की वजह से उसकी मौत हो गई। ड्राइवर के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। इसलिए स्थानीय लोगों ने हत्या होने की बात पुलिस को बताई। ड्राइवर के साथ मौजूद हेल्पर ने अपने बयान में इस बात की पुष्टि की है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।


