हरियाणा के यमुनानगर में श्यामपुर गांव के सरपंच की पत्नी का शव मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। महिला की हत्या उसके बेटे ने ही की थी, क्योंकि उसने बेटे की लव मैरिज का विरोध किया था। इस बात से नाराज होकर वह परिवार को बिना बताए 2 साल बाद इंग्लैंड से लौटा और 24 दिसंबर को अपने एक साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए DSP आशीष चौधरी ने बताया कि आरोपी बेटे ने पशुओं को चारा डालने आई अपनी मां पर पहले डंडे से वार किए, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को पानी के हौद में डाल दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 4 दिन की रिमांड पर लिया गया है। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला… 2 साल पहले इंग्लैंड भेजा था गोमित
पुलिस जांच में सामने आया है कि बलजिंद्र कौर और उसके बेटे गोमित राठी के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों एक दूसरे से बात तक नहीं करते थे। करीब 2 साल पहले परिजनों ने उसे इंग्लैंड भेज दिया गया था। 18 दिसंबर को वह बिना किसी को बताए मां की हत्या करने के लिए वापस भारत लौटा था। 4 दिन के रिमांड पर आरोपी
DSP ने बताया कि 29 दिसंबर को परिजन SP से मिलने आए थे। SP के आदेश पर हत्या का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपी गोमित और पंकज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। हत्या में शामिल चीजों की तलाश की जा रही है।


