उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर बफर परिक्षेत्र में एक बाघ का शव कुएं में मिला। घटना 8 जनवरी की शाम को रायपुर स्थित कुदारी टोला राजस्व क्षेत्र में हुई। सूचना मिलने के बाद टाइगर रिजर्व की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी। बाघ के दांत, नाखून की दो दिन से तलाश कर रही थी टीम लगातार प्रयासों के बाद 9 जनवरी की सुबह बाघ के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि, इस दौरान बाघ के दांत, नाखून और कुछ अन्य अंग कुएं में ही गिर गए थे। इन्हें खोजने के लिए टाइगर रिजर्व की टीम ने लगभग दो दिनों तक कुएं में सघन तलाशी अभियान चलाया। पीएम के बाद शव का किया गया अंतिम संस्कार कुएं का पानी पूरी तरह खाली करने के बाद, कड़ी मशक्कत से बाघ के दांत और नाखून बरामद किए गए। 10 जनवरी को डॉक्टरों की टीम ने बाघ के शव का पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद, अधिकारियों की निगरानी में जंगल क्षेत्र में बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है।


