सिंगरौली जिले में स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। यह कार्यक्रम अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर गौरव बैनल और जिला पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि सच्ची सेवा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि कर्मों से होती है। कलेक्टर बैनल ने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए कहा कि यह समाज सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है। उन्होंने बताया कि रक्त की उपलब्धता से गंभीर मरीजों, प्रसवकालीन जटिलताओं से जूझ रही महिलाओं और सड़क दुर्घटना में घायलों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत करने वाला बताया। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने युवाओं से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बन सकता है। एसपी ने जोर दिया कि यदि युवा नियमित रूप से रक्तदान करें, तो जिले में कभी भी रक्त की कमी नहीं होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान किया। प्रशासन द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों को भी प्रोत्साहित किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं में सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में सहायक रहा। आज हुए इस ब्लड डोनेशन कैंप में कुल 102 यूनिट ब्लड का कलेक्शन डोनेशन के जरिए आया है जिसमें 50 यूनिट ब्लड करणी सेवा के कार्यकर्ताओं ने दिया है जबकि बाकी का ब्लू आम लोगों ने डोनेट किया है।


