एक करोड़ फिरौती न देने पर ब्यूटी पार्लर पर फायरिंग, पैर में गोली लगने से महिला घायल

भास्कर न्यूज | अमृतसर/जंडियाला जिले में बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जंडियाला गुरु के गौशाला रोड पर स्थित घर में बनाए ब्यूटी पार्लर के बंद शटर पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान पार्लर में मौजूद महिला पैर में गोली लगने से घायल हो गई। पार्लर में महिला का पति भी था जिसने टेबल के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। बाइक सवार दो नाकाबपोशों ने वारदात को अंजाम दिया। एक करोड़ फिरौती न मिलने पर फायरिंग की गई है। घायल महिला विपन कुमारी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना शुक्रवार रात 9 बजे की है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी जंडियाला और थाना एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों के मुताबिक आरोपी कुनूवाल साइड फरार हो गए। इतना ही नहीं फिरौती मांगने वाले ने वारदात के बाद 11 बजे दोबारा मोबाइल पर कॉल किया। उस दौरान डीएसपी व अन्य पुलिस अधिकारी पास में ही खड़े थे। कॉल करने वाले ऑस्टेलिया करण बाठ ने कहा कि पैसे लेकर ही रहेगा, उसने पुलिस की भी कोई बात नहीं मानी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार रात अस्पताल में घायल विपन कुमारी से मिलने डीएसपी रविंदर सिंह पहुंचे। जहां कुलदीप के मोबाइल पर वारदात के 2 घंटे के बाद फिरौती मांगने वाले ने कॉल किया और डीएसपी की मौजूदगी में उससे बात करनी शुरू कर दी। युवक ने कहा कि देख लिया ट्रेलर। पैसों तो मैं लेकर ही रहूंगा। अभी तो सिर्फ गोलियां चलाई है, अगली बार डायरेक्ट मौत नसीब होगी। अभी भी मौका है पैसे दे दो। इतनी बात के बाद खुद डीएसपी जंडियाला ने बात कि और कहा कि मैं डीएसपी जंडियाला बात कर रहा हूं, क्यों इन्हें तंग कर रहे हैं। जिसके बाद युवक ने जबाव देते हुए कहा कि तुम पुलिस वाले साइड रहो, तुम्हारा कोई मैटर नहीं है। तुम लोग बीच में मत आओ। पैसे तो लेकर ही रहूंगा। जिसके बाद डीएसपी ने कहा कि क्या तुम्हारा इनसे कोई पुराना झगड़ा है या कोई जमीन की लड़ाई है। तब युवक ने कहा, कुछ भी तो तुम लोग बीच में मत आओ। पैसे लेकर ही रहेंगे। जो तुम लोगों को करना है, वह करों, इसके बाद कॉल को कट कर दिया। हालांकि इस बीतचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस ने अपने मोबाइल से की। गौशाला रोड पर मेरा घर है। मैं और मेरी पत्नी विपन घर के नीचे अपना ब्यूटी पार्लर चलाते हैं। रोजाना की तरह शुक्रवार की शाम साढ़े 7 बजे दुकान के शटर को गिराकर अंदर से बंद कर दिया था। दुकान घर में ही है तो वह पीछे के रास्ते घर में चले जाते हैं। रात तकरीबन 9 बजे मैं और मेरी पत्नी पार्लर में सामान संभाल रहे थे। शटर बंद था। इतने में 2 गोलियां चली। एक गोली शटर के आर-पार होते हुए मेरी पत्नी के पैर में जा लगी। मैंने तुरंत टेबल की आड़ में छिपकर अपनी जान बचाई। यह गोली उन दोनों में किसी को लग सकती थी, जिससे उनकी मौत हो सकती थी। हमलावर दो गोलियां चलाकर भाग गए थे। जब आवाज बंद हुई तो मैने सबसे पहले अपनी पत्नी को देखा कि वह जख्मी हो गई है। फिर पत्नी को अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल करवाया। 2 जनवरी से बार-बार विदेशी नंबर से सोशल मीडिया ऐप पर कॉल कर एक करोड़ फिरौती की मांग कर रहे थे। मैंने इस मामले में जंडियाला पुलिस को शिकायत भी दी थी और एसएसपी के समझ पेश होकर भी सारी जानकारी दी थी। कोई कार्रवाई नहीं हुई और अब वह गोलियां चला गए। वीरवार को कॉल आया था, जिसमें युवक ने पैसों की मांग की और कहा कि तुमने पैसा नहीं दिया, 24 घंटे में तुम्हें ट्रेलर दिखाएंगे। उसके बाद अगले दिन रात को गोलियां चला गए। -जैसा कुलदीप कुमार ने बताया डीएसपी जंडियाला रविंदर सिंह ने कहा कि पीड़ित के बयान दर्ज कर सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं। फिरौती मांगने वाले आरोपी करण बाठ ऑस्ट्रेलिया वाले के खिलाफ केस दर्ज किया है जिसमें 2 अज्ञात शूटर भी शामिल हैं। करण ही फोन करके फिरौती की मांग कर रहा था। अलग-अलग पुलिस टीम जांच में जुटी हैं आरोपी जल्द काबू होंगे। अस्पताल में उपचाराधीन घायल, शटर पर गोली का निशान।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *