भास्कर न्यूज | कोरबा 13 दिन से लापता व्यक्ति की लाश कोयला खदान में मिली। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने केबल चुराने के दौरान करंट से मौत होना और उसके साथियों के लाश छोड़ भागने की जानकारी दी है। गेरवा घाट क्षेत्र निवासी कलेश्वर उर्फ टेकराम कुर्रे (47) को 27 दिसंबर शाम उसका साथी बाबूलाल घर से पिकनिक मनाने की बात कहकर ले गया था। तब से कलेश्वर लापता था। परिजन ने खोजबीन की, पर पता नहीं चला। परिजन ने सिटी कोतवाली में लापता होने की सूचना दी थी। इसके आधार पर पुलिस खोजबीन में जुटी थी। मोबाइल का अंतिम लोकेशन 27 दिसंबर रात को कुसमुंडा खदान के समीपस्थ पड़निया गांव के पास मिला था, जिसके बाद से स्वीच ऑफ था। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकार्ड के आधार पर कलेश्वर के साथियों को पूछताछ करते हुए जानकारी जुटाई, फिर शनिवार सुबह कुसमुंडा खदान के बरकुटा क्षेत्र से उसकी लाश बरामद की। मृतक के परिजन ने उसके साथी बाबूलाल द्वारा हत्या करने का संदेह जताया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर खदान क्षेत्र में पानी निकासी के लिए लगे मोटर का केबल तार चोरी करते समय करंट लगने से मौत होना और घटना के बाद उसके साथियों के घबराकर लाश को छोड़कर वहां से भागने की जानकारी दी है। चोरी करते समय करंट लगने से मौत ^सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया जांच में पता चला है कि कलेश्वर अपने साथियों के साथ चोरी करने गया था, जहां केबल वायर काटते समय करंट लगने से उसकी मौत हो गई। साथी लाश छोड़ लौट गए थे। 4 साथी को हिरासत में लिया है।


