भास्कर न्यूज | लुधियाना भगवान महावीर सेवा संस्थान ने लोहड़ी का पर्व चूरपुर रोड और लादियां रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी इलाकों में मन। श्री जगत राम शकुंतला देवी जैन मेमोरियल विद्या मंदिर के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं। समाजसेवी मीना देवी की देखरेख में चल रहे जैन चैरिटेबल सिलाई केंद्र की सराहना करते हुए बताया कि यहाँ से प्रशिक्षण लेकर क्षेत्र की अनगिनत महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। लोहड़ी के अवसर पर इन परिवारों के उत्साह को देखते हुए संस्थान ने उन्हें सम्मानित भी किया। संस्थान द्वारा पर्व के उपलक्ष्य में निम्नलिखित सामग्री वितरित की गई है। जिसमें बच्चों को स्टेशनरी और पढ़ाई की सामग्री, सर्दी से बचाव के लिए गर्म टोपियां और कपड़े व पारंपरिक लोहड़ी का प्रसाद और खाने-पीने का सामान। संस्थान के अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि त्योहारों का असली मकसद समाज में समानता का संदेश देना है। जब हम ऊंच-नीच और अमीर-गरीब का भेद भूलकर एक साथ जश्न मनाते हैं तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। संस्थान पिछले 20 वर्षों से इसी लक्ष्य के साथ निरंतर सेवा कार्य कर रहा है।


