विवि हॉकी टीम में खोखरा की छात्राओं का चयन

भास्कर न्यूज | जांजगीर शिक्षा के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी लगातार प्रगति कर रही केशरी शिक्षण समिति, खोखरा (जांजगीर) ने एक बार फिर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। बीएड कॉलेज की छात्राओं ने विश्वविद्यालय स्तर पर चयन प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। राउरकेला में आयोजित अंतर-विश्वविद्यालय हॉकी मुकाबले में इन छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय को सरगुजा विश्वविद्यालय के खिलाफ उल्लेखनीय विजय दिलाई। महाविद्यालय के संचालक डॉ. सुरेश यादव एवं प्राचार्य डॉ. रेखा तिवारी ने कहा कि “केशरी शिक्षण समिति केवल शिक्षक तैयार नहीं करती, बल्कि ऐसे सक्षम और आत्मनिर्भर व्यक्तित्वों का निर्माण करती है जो हर क्षेत्र में नेतृत्व कर सकें। हमारी छात्राओं की यह सफलता इसी विचारधारा का प्रत्यक्ष प्रमाण है।”राउरकेला पहुँचने के पश्चात आयोजित अंतर- विश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय की टीम ने कड़ा मुकाबला खेलते हुए सरगुजा विश्वविद्यालय को पराजित किया। यह विजय केवल अंकतालिका तक सीमित नहीं रही, बल्कि टीम के आत्मविश्वास, सामूहिक सहयोग और संघर्षशीलता का सशक्त उदाहरण बनी। इस ऐतिहासिक जीत में केशरी बीएड कॉलेज की छात्राओं का योगदान विशेष रूप से प्रशंसनीय रहा। खोखरा की दो खिलाड़ी विश्वविद्यालय की टीम में शामिल होकर खेलेंगी मैच। इस उपलब्धि में सबसे बड़ा योगदान देने वाली छात्राएं मधुलिका राठिया (बीएड द्वितीय वर्ष) और सलीना टोप्पो (बीएड प्रथम वर्ष) शामिल हैं। दोनों ने यह साबित कर दिया कि उचित अवसर, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएँ भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *