भास्कर न्यूज | दामापुर ग्राम पटुवा में गिट्टी से लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर नाली में जा पलटा। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रक दामापुर की ओर से गिट्टी लेकर पटुवा गली की तरफ जा रहा था। गांव के अंदर संकरे मोड़ पर ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि ट्रक की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बताया कि गांव के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही से पहले भी कई बार दुर्घटना की स्थिति बन चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। ताकि भविष्य में किसी बड़े सड़क हादसे से बचा जा सके।


