कवर्धा| भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लंबे समय से गन्ना आपूर्ति नहीं करने वाले अंशधारी सदस्यों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कारखाना प्रबंधन के अनुसार गन्ना आपूर्ति में कमी के कारण पेराई कार्य प्रभावित हो रहा है और निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं हो पा रहा है। कारखाना द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में सामने आया है कि कई अंशधारी सदस्य वर्षों से अपने उत्पादन का गन्ना कारखाने को नहीं बेच रहे हैं। ऐसे अंशधारी सदस्य कारखाना की उपविधि में निहित प्रावधान क्रमांक 7 (2) (द) के अंतर्गत सदस्य बने रहने की शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं। संचालक मंडल ने उपविधि क्रमांक 9 (ब) (5) के तहत ऐसे अंशधारी सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने की कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।


