भास्कर न्यूज | कवर्धा नेशनल हाईवे- 30 पर ट्रांसपोर्ट नगर में 7 जनवरी को तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर कोटवार दिलीप पात्रे (60) की मौत हो गई थी। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रख हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था। प्रदर्शनकारियों का सीधा आरोप था कि सड़क किनारे स्थित सरकारी शराब दुकान के कारण यहां लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। चक्काजाम के महज दो दिन बाद जनदबाव के चलते आबकारी विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने विवादित स्थल से शराब दुकान हटाने नए ठिकाने की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए 13 जनवरी की दोपहर 2 बजे तक निविदाएं मंगाई गई हैं। जिला आबकारी अधिकारी अजय धुर्वे ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र और उससे लगे सीमावर्ती ग्राम पंचायत क्षेत्रों में देशी व अंग्रेजी शराब दुकान के लिए स्थल चिन्हित किया जा रहा है। ताकि नेशनल हाईवे और घनी आबादी से दूरी बनाई जा सके।


