भास्कर न्यूज | गढ़वा रेहला स्थित जेबी हाई स्कूल मैदान में भवानी सिंह मेमोरियल अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-8) का शुभारंभ बुधवार को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ किया जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्वाह्न 11 बजे पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह, युवा समाजसेवी बबलू सिंह, बिश्रामपुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुधीर चंद्रवंशी एवं युवा समाजसेवी प्रभात कुमार दुबे संयुक्त रूप से करेंगे। उद्घाटन मुकाबला आईसीसी रेहला और हीरो क्लब डिहरिया की टीमों के बीच खेला जाएगा, जिसे देखने के लिए क्षेत्र के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। 16 टीमें, नॉकआउट मुकाबले राज्य स्तर पर आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 16 टीमें भाग ले रही हैं। सभी मुकाबले नॉकआउट तर्ज पर खेले जाएंगे। आयोजन समिति के संरक्षक संजू सिंह के नेतृत्व में मैदान और पिच का निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा कर लिया गया है। दर्शकों, अतिथियों और उद्घोषकों के लिए अलग-अलग दीर्घाओं का निर्माण किया गया है। मेडल, शील्ड व अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीद भी पूरी कर ली गई है। घर बैठे देखें लाइव मैच : खेल प्रेमी अब मैदान तक सीमित नहीं रहेंगे। टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का भवानी सिंह मेमोरियल फेसबुक पेज एवं यू ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे दर्शक घर बैठे रोमांचक मैचों का आनंद ले सकेंगे। आयोजन समिति के संरक्षक संजू सिंह ने बताया कि विजेता टीम को ₹55,000 नगद व ट्रॉफी, उपविजेता टीम को ₹25,000 नगद व ट्रॉफी, बेस्ट बैटर, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर को विशेष पुरस्कार, प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच, पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज के साथ ही बेस्ट दर्शक को भी सम्मानित किया जाएगा। खेल के प्रमुख नियम : सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर होंगे। एलबीडब्ल्यू को छोड़कर क्रिकेट के सभी नियम लागू होंगे। अंपायर का निर्णय अंतिम व सर्वमान्य होगा। कोई भी खिलाड़ी दो टीमों से नहीं खेल सकेगा। सभी खिलाड़ियों के लिए एक समान ड्रेस अनिवार्य होगा। युवाओं को मिलेगा बेहतर मंच : युवा समाजसेवी सह संरक्षक संजू सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होते हैं। यह टूर्नामेंट युवाओं को ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां वे अपनी प्रतिभा निखारकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें। टूर्नामेंट के सफल संचालन की जिम्मेदारी लल्टू सिंह, अंकुर सिंह, गप्पू सिंह, बबलू सिंह, शिव सिंह, संतोष गुप्ता, प्रिंस केसरी सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों को सौंपी गई है।


