गढ़वा | पूर्व मंत्री योगेंद्र साव द्वारा हजारीबाग जिले के केरेडारी अंचल अधिकारी के साथ की गई कथित बदसलूकी की घटना पर झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ (झासा) गढ़वा जिला इकाई के सदस्यों ने गहरा रोष व्यक्त किया है। घटना की तीव्र भर्त्सना की गई। झासा के पदाधिकारियों ने शनिवार को काला बिल्ला लगा कर विरोध दर्ज किया। पदाधिकारियों ने घटना के विरोध में कहा कि प्रशासनिक अधिकारी के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि यह प्रशासनिक मर्यादा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है। संघ ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक अधिकारियों के सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। झासा इकाई जिला गढ़वा सर्वसम्मति से झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ, केंद्रीय कार्यकारिणी को उपरोक्त के विरुद्ध में अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए अनुशंसा करती है। वहीं झासा के केंद्रीय कार्यकारिणी से इस संबंध में अविलंब पहल करने की मांग भी किया है। मौके पर अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, भू अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार, गढ़वा सीओ शफी आलम, बीडीओ कुमार नरेंद्र नारायण आदि शामिल थे। गढ़वा | नगर उंटारी फोर लाइन पर छतरपुर गांव के पास पिकअप के चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी नन्हक राम का पुत्र दिलीप कुमार राम 30 वर्ष बताया गया है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि दिलीप कुमार राम अपने घर से साइकिल पर सवार होकर छतरपुर गांव की ओर किसी काम से गए हुए थे। वहां से वापस लौट के क्रम में छतरपुर गांव स्थित फोर लाइन क्रॉसिंग के पास एक पिकअप सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दिया। इससे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे पहचान कर घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने घटना स्थल पर पहुंचकर उसे घायल अवस्था में उठाकर गढ़वा सदर अस्पताल लाया। जहां ड्यूटी में उपस्थित चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


