भास्कर न्यूज | चाईबासा मनरेगा कानून और नाम में बदलाव के विरोध में प. सिंहभूम जिला में कांग्रेस चलाएगी मनरेगा बचाओ संग्राम। इसके लिए शनिवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें जिला पर्यवेक्षक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि काम के अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस एक राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 11 जनवरी को एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध गांधी मैदान, चाईबासा स्थित राष्ट्रपति महात्मा गांधी के आदमकद प्रतिमा के नीचे किया जाएगा। द्वितीय चरण में 12 जनवरी से 30 जनवरी तक पंचायत स्तर पर चौपाल, सभी ग्राम प्रधान, पूर्व ग्राम प्रधान रोजगार सेवक एवं मनरेगा कार्यकर्ताओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता विपक्ष को पत्र का वितरण, विधानसभा स्तरीय नुक्कड़ सभा आयोजित की जाएगी। 30 जनवरी को शहीद दिवस पर वार्ड और प्रखंड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना आयोजित किए जाएंगे। इसमें अहिंसा, संवैधानिक मूल्यों और काम के अधिकार पर जोर दिया जाएगा। तृतीय चरण में 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय मनरेगा बचाओ धरना दिया जाएगा। इसके उपरांत राज्य स्तरीय विधान सभा घेराव और अभियान के समापन के रूप में एआईसीसी द्वारा क्षेत्रीय स्तर पर चार मनरेगा बचाओ रैली का आयोजन किया जाएगा। वर्तमान वीबी-जीरामजी योजना से क्षेत्रीय असंतुलन पैदा होगा जो देश के लिए हितकर नहीं होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि भाजपा की विचारधारा गांधी जी के विपरीत है। यही वजह है कि महात्मा गांधी के नाम को हटाकर नई योजना लाई गई। भाजपा नहीं चाहती कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को रोजगार मिले, आर्थिक संपन्नता हो, क्रय शक्ति बढ़े, इससे भाजपा की पूंजीवादी सोच झलकती है। मौके पर जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय भी मौजूद थे। भास्कर न्यूज | सरायकेला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान का शनिवार की शाम नगर में भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम नगर के नए नगर अध्यक्ष बीजू दत्त के नेतृत्व में आयोजित की गई। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा के नए जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान सहित सभी नव चयनित प्रतिनिधियों ने नगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा, ओडिशा के महान स्वतंत्रता सेनानी गोपाबंधु दास और सरायकेला स्टेट के पूर्व प्रशासक उदित नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘भाजपा जिंदाबाद’ के नारों के साथ नए जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष बीजू दत्त के अलावा वरिष्ठ नेता राजा सिंहदेव, सुमित चौधरी, राजकुमार सिंह, प्रखंड अध्यक्ष मुरली प्रधान, मनोज कुमार, पिंकी मोदक, रीता दुबे, सुदीप पटनायक, चिरंजीव महापात्र, दुखराम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे। माल्यार्पण कार्यक्रम के पश्चात नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है और उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाएं देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इन योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सरायकेला| चांडिल अनुमंडल कार्यालय सभागार में शनिवार को गणतंत्र दिवस आैर सोहरोई को लेकर शांति समिति की एसडीएम विकास राय की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान सोहरोई पर्व शांति आैर धूमधाम से मनाने की अपील की। इस दौरान गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। इसमें चांडिल अनुमंडल कार्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय, पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, विभिन्न थानों व चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के मुख्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम काटिया में होने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। एसडीएम विकास राय ने बताया कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र का झंडोत्तोलन कार्यक्रम काटिया स्टेडियम में होगा। इसमें बीते वर्ष जैसा ही कार्यक्रम होगा। पहले झंडोत्तोलन कार्यक्रम होगा। इसके बाद विभिन्न विद्यालय से पहुंचे विद्यार्थियों द्वारा परेड होगा।


