जालंधर| रविदास नगर इलाके के एक घर से बीती रात करीब 2:30 बजे चोर मोबाइल चोरी कर फरार हो गया। घर की मालकिन चंचल, पत्नी मनोज ने बताया कि रात को आहट सुनकर जब नींद खुली तो देखा कि अज्ञात व्यक्ति उनके कमरे में खड़ा है। चंचल ने जैसे ही शोर मचाया, चोर घबरा गया और सामने पड़ा हुआ कीमती मोबाइल उठाकर फरार हो गया। पीड़िता के अनुसार, मोबाइल की कीमत करीब 15,000 रुपए है। उधर, महिला ने पुलिस पर शिकायत दर्ज न करते हुए उन्हें बाद में आने को कहने का भी आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि जब वह सुबह थाने में शिकायत करने पहुंची तो ड्यूटी अफसर ने कहा कि फिलहाल पूरा पुलिस बल सीएम की सुरक्षा ड्यूटी में व्यस्त है, इसलिए वे अभी कुछ नहीं कर सकते।


