भास्कर न्यूज | जशपुरनगर अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज विकास समिति, केंद्रीय कार्यालय पमशाला के गठन की 75वीं वर्षगांठ और तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन 14 जनवरी से होगा। इस गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति प्रदान की है। कंवर समाज के भरत साय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में भजन साय, जगदीश साय पैंकरा, अशोक साय, रामनाथ साय, विष्णु प्रसाद पैंकरा, रविन्द्र नाथ साय एवं महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वेधा साय शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने समाज के आग्रह को स्वीकार करते हुए 15 जनवरी की दोपहर 1 बजे कार्यक्रम में उपस्थित रहने की सहमति दी है। उल्लेखनीय है कि पमशाला स्थित केंद्रीय कार्यालय में कंवर समाज का वार्षिक सम्मेलन वर्ष 1951 से आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष समाज अपने गठन का अमृत महोत्सव (75वां वर्ष) मना रहा है। तीन दिवसीय इस महासम्मेलन के दूसरे दिन मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे, जहां उनके द्वारा समाज के विकास हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की संभावना है।


