चेंबर के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण आज, लोहानी होंगे अध्यक्ष

भास्कर न्यूज|गुमला गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आज टाउन हॉल में शाम के 6:30 बजे आयोजित की जाएगी। इस समारोह के साथ ही चेंबर के नए सत्र का विधिवत आगाज होगा। गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव बीते 2 बार की तरह इस बार भी नहीं हुआ। सर्वसम्मति से टीम लीडर राजेश लोहानी अध्यक्ष निर्वाचित हुए है। उन्होंने मुख्य चुनाव पदाधिकारी अमित माहेश्वरी द्वारा निर्धारित समयावधि में अपने पदाधिकारियों की सूची सौंप दी है। जिसे गुप्त रखा गया है। अब रविवार को शपथ ग्रहण सह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के दौरान स्पष्ट होगा कि इस बार चेंबर में किसे कौन सा दायित्व सौंपा गया है। हालांकि अध्यक्ष द्वारा चयनित पदाधिकारियों में कौन शामिल है और किसे क्या जिम्मेवारी मिली है। यह जानने के लिए चेंबर से जुड़े लोग बेताब है। इसे लेकर चेंबर के अंदरखाने में हलचल मची हुई है। लेकिन स्पष्ट पदाधिकारियों के बारे किसी को जानकारी नहीं है। चुनाव पदाधिकारी अमित माहेश्वरी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए व्यापारियों को निमंत्रण कार्ड दिया गया है। इस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रकाशचंद्र गुग्गी मौजूद रहेंगे। राजेश लोहानी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। व्यापारिक हितों के लिए सदैव तत्पर रहने वाले राजेश के अध्यक्ष बनने से स्थानीय व्यापारियों में हर्ष का माहौल है। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता गुमला में व्यापारिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बिठाकर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना है। सबसे बड़ी चर्चा युवा बबलू वर्मा की हो रही है। जो संभवत: तीसरी बार सचिव पद के लिए चुने जा सकते हैं। ऐसा हुआ, तो चेंबर के इतिहास में लगातार तीसरी बार सचिव बनना उनकी कार्यकुशलता और व्यापारियों के बीच उनकी गहरी पैठ को दर्शाता है। इसके अलावे पदाधिकारियों की सूची में अभिजीत जायसवाल, मुन्नीलाल साहू, राहुल केशरी, प्रणय साहू व अजय कुमार के शामिल होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि इस बार सह सचिव पद पर दो लोग काबिज होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *