उमवि को उच्च विद्यालय में पदोन्नत करंे, सभापति ने डीईओ को लिखा पत्र

भास्कर न्यूज|गुमला झारखंड विधानसभा की शून्यकाल समिति के सभापति भूषण तिर्की ने गुमला नगर क्षेत्र स्थित उर्दू मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में उन्नयन (अपग्रेड) किए जाने की मांग को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी, गुमला को पत्र लिखा है। पत्र दिनांक 6 जनवरी 2026 का है।अपने पत्र में भूषण तिर्की ने उल्लेख किया है कि गुमला नगरपालिका क्षेत्र में उर्दू माध्यम का यह एकमात्र मध्य विद्यालय है, जबकि नगर क्षेत्र में मुस्लिम आबादी की संख्या काफी अधिक है। यह विद्यालय थाना रोड, गुमला में अवस्थित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आठवीं कक्षा के बाद आगे की पढ़ाई के लिए अन्य विद्यालयों में नामांकन लेना पड़ता है, जहां भाषा अंतर के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ रहा है। भूषण तिर्की ने पत्र में यह भी बताया कि उर्दू मध्य विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र शिक्षा के प्रति जागरूक हैं और पठन-पाठन के पथ पर अग्रसर हैं। विद्यालय के उच्च विद्यालय में उन्नयन के लिए आवश्यक सभी अर्हताएं वर्तमान में पूरी होती प्रतीत हो रही हैं। विद्यालय भवन अंजुमन इस्लामिया की जमीन पर बना है और समाज के ओहदेदारों के पास अतिरिक्त भूमि भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष (सदर) और सचिव विद्यालय भवन निर्माण के लिए शेष जमीन देने को तैयार हैं, जिसका आवेदन भी पत्र के साथ संलग्न किया गया है। ऐसे में उर्दू मध्य विद्यालय को शीघ्र उच्च विद्यालय में उन्नत करना अत्यंत आवश्यक है।भूषण तिर्की ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से इस दिशा में त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई करने की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *