लोहरदगा|सदर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के समीप शनिवार शाम करीब 5 बजे तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने सामने भीषण टक्कर हो गई। इस सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैशन प्रो बाइक सवार युवक लोहरदगा के पावरगंज की ओर से अपने घर लौट रहा था, जबकि प्लैटिना बाइक सवार युवक विपरीत दिशा से कचहरी मोड़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान ब्लॉक मोड़ के पास दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में पैशन प्रो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे 108 एम्बुलेंस के माध्यम से लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं प्लैटिना बाइक सवार युवक को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद खबर लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। एक माह में 40 से अधिक दुर्घटनाएं हुई:लोहरदगा जिले में बीते एक माह में 40 से अधिक दुर्घटनाएं सामने आई है। जिसमें एक दर्जन लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 60 से अधिक लोग घायल हो चुके है। जिसमें दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए है।


