छिंदवाड़ा में नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देश पर लगातार शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान छोटा तालाब क्षेत्र में पूर्व में हटाए गए अतिक्रमण का निरीक्षण किया गया, जहां कुछ दुकानदारों द्वारा दोबारा अतिक्रमण कर दुकानें लगाए जाने की स्थिति सामने आई। मौके पर ही नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। इसी क्रम में बुधवारी बाजार और गोलगंज क्षेत्र में दुकानदारों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए अनाउंसमेंट कर सूचना दी गई। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागपुर रोड से अधिकारियों को परहेज नागपुर रोड में बड़ी संख्या में अतिक्रमण किया गया है। नगर निगम द्वारा लगाई गई फेंसिंग को तोड़कर के भी दुकान का संचालन किया जा रहा है लेकिन अब तक नगर निगम के अमले के द्वारा नागपुर रोड में किसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम नहीं दिया गया इस क्षेत्र में लगातार हादसे और विवाद की स्थिति निर्मित होती है वहीं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त अतिक्रमण संबंधी कुल छह शिकायतों का टीम ने मौके पर पहुंचकर निराकरण किया। नगर निगम का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके।


