सतना जिले के कोठी कस्बे में महज 10 रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक टी-स्टॉल संचालक ने हेयर कटिंग सैलून में आग लगा दी। शुक्रवार रात हुई इस घटना में पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंस उर्फ अजय चौधरी (23) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, कोठी कस्बे के वार्ड क्रमांक-10 निवासी आरोपी प्रिंस टी-स्टॉल चलाता है। शुक्रवार शाम उसका हेयर कटिंग सैलून संचालक संदीप कुमार सेन से 10 रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान प्रिंस ने संदीप के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उस समय वहां मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करवा दिया था, लेकिन आरोपी बदला लेने की फिराक में था। रात में पेट्रोल डालकर लगाई आग विवाद के बाद रात होते ही प्रिंस दबे पांव संदीप की दुकान पर पहुंचा। उसने दुकान पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। आरोपी की यह हरकत पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर हुई गिरफ्तारी घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित संदीप सेन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और प्रिंस पर संदेह जताया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की करतूत सामने आ गई। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया।


