पहले एक्टिवा चुराई, उसी से मंदिर की रेकी की:गणेश मंदिर से हुई चोरी के मामले में खुलासा; मठकरी कॉलोनी से चुराई थी एक्टिवा

गुना के गणेश मंदिर चोरी मामले में जिस स्कूटी को लेकर युवक रेकी करने पहुंचा था वह भी चोरी की निकली। दो दिन पहले ही उसने एक घर से एक्टिवा स्कूटी चुराई थी। चोरी करने का वीडियो भी सामने आया है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बजरंगगढ़ रोड स्थित अति प्राचीन सिद्धि विनायक गणेश मंदिर में चोरी हुई थी। चोर ने पहले तो एक परम भक्त की तरह मंदिर में दंडवत होकर भगवान को प्रणाम किया, फोटो लिए और फिर मौका पाकर मंदिर के खजाने पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर के पुजारी अर्जुन मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक संदिग्ध युवक मंदिर आया था। उसने काफी देर तक मंदिर में रुककर भगवान के सामने दंडवत प्रणाम किया और मंदिर के विभिन्न कोनों के फोटो भी लिए। उस समय किसी को भनक नहीं थी कि यह श्रद्धा नहीं बल्कि चोरी के लिए की जा रही रेकी थी। लाखों के माल पर किया हाथ साफ
शुक्रवार शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में धावा बोला और भगवान के सिर से आधा किलो से अधिक वजन के चांदी के दो छत्र (कीमत सवा लाख से अधिक) चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, चोरों ने मंदिर की भण्डारिया में रखे लगभग 30 किलो वजन के पीतल के घंटे भी पार कर दिए। पुजारी के अनुसार, घंटे टांगने की उचित जगह न होने के कारण उन्हें सुरक्षित भण्डारिया में रखा गया था। चोरी की यह वारदात पास ही स्थित एक अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। एक्टिवा भी चोरी की निकली
बदमाश CCTV कैमरे में जिस एक्टिवा से जाता हुआ दिख रहा है, वह भी चोरी की थी। इसने दो दिन पहले मठकरी कॉलोनी से इसे चुराया था। कॉलोनी में रहने वाले राजीव जैन के घर से दिनदहाड़े उसने एक्टिवा चोरी की। घटना के समय राजीव जैन मंदिर दर्शन करने गए थे। उनकी पत्नी मकान की पहली मंजिल पर खाना बना रही थीं। उसी समय बदमाश गाड़ी चोरी कर ले गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *