सतना में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट:घर के सामने रहने वाले ने ही रची थी साजिश; 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत माधवगढ़ में बुजुर्ग महिला पर हमला कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने गुरुवार देर रात घर में घुसकर 65 वर्षीय महिला को बंधक बनाया और धारदार हथियार से घायल कर गहने लूट लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता के घर के ठीक सामने रहने वाला उदय द्विवेदी (18) है। उसे घर और परिजनों के बारे में पूरी जानकारी थी और यह भी पता था कि बुजुर्ग महिला देवमनी सोनी घर में अकेली रहती हैं। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। इस कार्रवाई में टीआई सुदीप सोनी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बंधक बनाकर हथियार से किया था हमला घटना गुरुवार देर रात की है। माधवगढ़ निवासी देवमनी सोनी (65) अपने घर में अकेली थीं। तभी आरोपी घर में घुस आए और उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर घायल कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। अगली सुबह पड़ोसियों और रिश्तेदारों को घटना का पता चला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी और घायल वृद्धा को अस्पताल पहुंचाया। ये आरोपी हुए गिरफ्तार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माधवगढ़ निवासी इंद्रजीत उर्फ छोटू (21), उदय द्विवेदी (18) और प्रांशु उर्फ अल्लू (19) के रूप में हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *