पुलिस ने लापता युवक को परिजनों से मिलाया:राजनांदगांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त था, 25 दिनों से भटक रहा था

राजनांदगांव पुलिस ने 25 दिनों से लापता एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को उसके परिजनों से मिलाया है। बसंतपुर थाना पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित उसके माता-पिता के हवाले किया। यह मामला 10 जनवरी 2026 की शाम को सामने आया। ग्राम धामनसरा निवासी चंद्रशेखर पटेल और उनके साथी पिंटू कुमार गायकवाड़ मोहारा क्षेत्र में मजदूरी कर रहे थे। उन्हें एक युवक मिला जो डरा हुआ और भूखा लग रहा था, जिसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। लोगों ने युवक को नाश्ता कराया और उसका नाम-पता पूछा। युवक ने अपनी पहचान मिथलेश साहू (20), निवासी ग्राम बरही, जिला बालोद के रूप में बताई। उसने यह भी बताया कि वह लगभग 25 दिनों से घर से दूर भटक रहा है। इसके बाद नागरिकों ने उसे तत्काल बसंतपुर थाना पहुंचाया। थाना प्रभारी ने की मदद, युवक को कराया भोजन बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने युवक को भोजन कराया और उससे बातचीत की। पूछताछ में पता चला कि युवक की माता बुजुर्ग हैं और रात में राजनांदगांव आने में असमर्थ थीं। पुलिस ने युवक को रात में थाने में रखने के बजाय सीधे उसके घर पहुंचाने का फैसला किया। घर पहुंचाया गया लापता युवक, परिजनों ने जताया आभार थाना स्टाफ ने मिथलेश को उसके गृहग्राम बरही (बालोद) ले जाकर उसकी माता और अन्य परिजनों को सौंपा। लगभग एक महीने से लापता बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राजनांदगांव पुलिस का आभार व्यक्त किया। ग्राम सरपंच और परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। ​पुलिस की अपील राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इसी प्रकार सतर्क रहें और किसी भी लावारिस या असहाय व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर उनकी मदद की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *