भास्कर न्यूज | जशपुरनगर भारतीय आस्था और सनातन संस्कृति के गौरवशाली प्रतीक सोमनाथ मंदिर के पुनर्स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा मंडल कुनकुरी द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कुनकुरी के प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और राष्ट्रीय पुनरुत्थान का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का सामूहिक जलाभिषेक किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मंदिर प्रांगण ओकार मंत्र के सामूहिक जाप से गुंजायमान हो उठा। वक्ताओं ने सोमनाथ मंदिर को केवल एक देवालय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विजय का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास को याद किया गया। बताया गया कि सन 1025 में महमूद गजनवी के बर्बर आक्रमण और मंदिर के कई बार विध्वंस के बाद, स्वतंत्र भारत में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने इसके पुनर्निर्माण का ऐतिहासिक संकल्प लिया था। वर्ष 1951 में मंदिर के कपाट आम जनता के लिए पुनः खोले गए। आज पुनरुत्थान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर इसे राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में मनाया जा रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में संगठन के कई नेता शामिल हुए। मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने आयोजन की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन मंडल महामंत्री बसंत यादव और शिवा चौहान ने किया। प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह, बीडीसी प्रतिमा भगत, विनीत जिंदल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, उदय शर्मा, दीपक शर्मा, शिव गुप्ता, मनीष हेडा सहित जिला पदाधिकारी, पूर्व विधायक, पार्षद, शक्ति केंद्र प्रभारी और बड़ी संख्या में बूथ स्तर के कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


