स्कूलों में गुणवत्ता के साथ बच्चों का हो सर्वांगीण विकास: एसडीएम

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुर जिले में शिक्षा के स्तर को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए संचालित ‘यशस्वी जशपुर’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकासखंड मनोरा के संकुल समन्वयकों और माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विश्वास राव मस्के ने की। इसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशासनिक कार्यों की समय-सीमा पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान एसडीएम ने मासिक मूल्यांकन और अर्धवार्षिक परीक्षा परिणामों की ग्रेडवार समीक्षा की। उन्होंने आगामी वार्षिक परीक्षा की तैयारी को लेकर निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कक्षाओं का पाठ्यक्रम पूर्ण किया जाए। जो बच्चे पढ़ाई में पीछे हैं, उनके लिए प्रभावी उपचारात्मक शिक्षण संचालित किया जाए। साथ ही बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी ध्यान देने को कहा, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। बैठक में छात्रवृत्ति, अपार आईडी निर्माण और जाति प्रमाण पत्र जैसे प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने जाति प्रमाण पत्र के लंबित कार्यों को मिशन मोड पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके लिए 12 से 16 जनवरी तक मनोरा विकासखंड के सभी 30 संकुलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जा सके। एसडीएम ने शिक्षकों और छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संकुल समन्वयकों को विशेष पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पटेल ने उपस्थित प्रधान पाठकों और समन्वयकों को विभागीय गतिविधियों की तकनीकी जानकारी दी और योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का आग्रह किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *