सुशासन शिविर: 216 आवेदन में से 130 का तत्काल हुआ निपटारा

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत सुलेसा में एक दिवसीय जिला स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 216 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 130 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। अन्य आवेदनों पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग के 39, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 61, स्वास्थ्य विभाग के 15, महिला एवं बाल विकास विभाग के 4, क्रेडा विभाग के 1, श्रम विभाग के 1, विद्युत विभाग के 1, पशुधन विभाग के 1 और समाज कल्याण विभाग के 7 मामलों का निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री पेंशन योजना अंतर्गत 61 आवेदन स्वीकृत हुए, जिनका स्वीकृति आदेश भी वितरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आमजनों की समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन लिए गए और अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस अवसर पर मौजूद विधायक ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने 7 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म पूरी कर उन्हें पोषण आहार, साड़ी और श्रृंगार सामग्री प्रदान की। 5 बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद दिया। इसके अलावा विधायक रायमुनी भगत ने 5 दिव्यांगों को ट्रायसायकल और 2 दिव्यांगजन को व्हीलचेयर प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर बीपी, शुगर, हिमोग्लोबिन और मलेरिया की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को प्रारंभिक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिला निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। पुल-पुलिया, सड़क निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों को मंजूरी मिली है और उनका क्रियान्वयन तीव्र गति से हो रहा है। मुख्यमंत्री की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके घर के समीप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही सुशासन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं में गरीबों, महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। नोनी सुरक्षा योजना, पूरक पोषण आहार कार्यक्रम, महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं महिलाओं, बच्चों और किसानों को सशक्त बना रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *