हरदा जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के बंदीमालोर गांव में हनुमान जी की एक प्रतिमा को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बीती रात गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खेत में बनी मढ़िया में हुई। सूचना मिलने पर रहटगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रहटगांव थाना प्रभारी मनोज दुबे ने बताया कि बंदीमालोर गांव के पास खेत में स्थित मढ़िया में प्रतिमा खंडित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। जानबूझकर तोड़फोड़ या हादसा, दोनों एंगल से जांच पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हनुमान प्रतिमा को किसी व्यक्ति ने जानबूझकर खंडित किया है या फिर मंदिर की सफाई अथवा अन्य गतिविधियों के दौरान प्रतिमा को नुकसान पहुंचा है। दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


