तेंदुए ने बाड़े में बंधे बछड़े को बनाया निवाला:बड़वानी के बड़दा गांव में दहशत; ग्रामीणों ने की वन विभाग से पकड़ने की मांग

बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र के बड़दा गांव में शनिवार रात एक तेंदुए ने पशुबाड़े में बंधे बछड़े को अपना निवाला बना लिया। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। ग्राम बड़दा निवासी पशुपालक जितेंद्र धनगर ने रविवार सुबह बताया कि शनिवार रात उन्होंने अपने बछड़े को पशुबाड़े में बांधा था। रविवार सुबह जब वे बाड़े में लौटे तो बछड़ा गायब था। तलाश करने पर बछड़ा गांव के एक नाले में मृत अवस्था में मिला, जिसे तेंदुआ खींचकर ले गया था। गांव में तेंदुए के बार-बार आने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने तेंदुए के पगचिह्न एकत्र कर वन विभाग के अधिकारियों को भेजे हैं। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, जिससे गांव में तेंदुए का आतंक बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और पशुपालक को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है। पहले युवक पर किया था हमला उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ग्राम किरमोही क्षेत्र में भी एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया था, जब वह खेत में जा रहा था। इन घटनाओं से क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों का खतरा बढ़ गया है। जितेंद्र धनगर ने यह भी बताया कि उनके पशुओं पर पहले भी तेंदुए द्वारा हमला किया जा चुका है। उनके पास करीब 25 से अधिक गाय और भैंस हैं, जिससे उन्हें अपने पशुधन की सुरक्षा की चिंता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *