नर्मदापुरम शहर में एक बार फिर बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। किराना दुकान में घुसकर बदमाशों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। युवक को अर्धनग्न कर लात-घूंसे मारे गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट की घटना के तीन दिन बाद शनिवार रात इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक देहात थाना क्षेत्र में 8 जनवरी की दोपहर फरियादी अभिषेक त्रिपाठी नर्मदा अस्पताल के सामने स्थित पालीवाल किराना दुकान पर सामान खरीदने गया था। इसी दौरान आदतन बदमाश सौरभ शर्मा अपने एक साथी के साथ दुकान में पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते अभिषेक के साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने युवक के कपड़े उतार दिए और उसे लात-घूंसे मारते रहे। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
मारपीट की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैसे ही युवक पर हमला होता है, वहां मौजूद एक महिला घबराकर दूर हट जाती है। कुछ लोग बीच-बचाव के लिए आगे भी आते हैं, लेकिन दोनों बदमाश युवक की बेरहमी से पिटाई करते रहते हैं। तीन दिन बाद वायरल हुआ वीडियो
मारपीट की यह घटना 8 जनवरी की है, लेकिन इसका वीडियो तीसरे दिन शनिवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामला दर्ज, गिरफ्तारी अब तक नहीं
पीड़ित अभिषेक त्रिपाठी की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने 9 जनवरी को आरोपी सौरभ शर्मा और उसके साथी के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 351 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस का दावा – जल्द होगी गिरफ्तारी
एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि 8 जनवरी दोपहर करीब 1 बजे पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों द्वारा मारपीट की गई थी। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।


