छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में लावारिस मिठाई खाने से फूड प्वाइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पीएचई विभाग के पास स्थित एक होटल में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा छोड़ी गई मिठाई खाने से पीएचई विभाग में पदस्थ एक गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, मिठाई खाने वाले दो अन्य लोगों की हालत गंभीर है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार के दिन पीएचई विभाग के समीप स्थित एक होटल में कोई अज्ञात व्यक्ति मिठाई से भरी एक थैली छोड़ गया था। काफी समय बीतने के बाद जब कोई उस थैली को लेने नहीं आया और न ही कोई दावेदार सामने आया, तो होटल में मौजूद लोगों ने थैली से मिठाई निकालकर खा ली। खाते ही बिगड़ी तबीयत, गार्ड ने दम तोड़ा बताया जा रहा है कि तीन से चार लोगों ने यह मिठाई खाई थी। मिठाई खाते ही कुछ ही देर में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। शनिवार के दिन हालत गंभीर होने पर सभी को अस्पताल ले जाया गया। रविवार दोपहर 12 बजे यहां पीएचई विभाग के गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य दो पीड़ितों का उपचार अभी चल रहा है। बीमार परिवार के मुखिया मुकेश कचोरिया ने बताया कि मिठाई घर तक कैसे पहुंची और पूरा घटनाक्रम कैसे हुआ, इसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। जहरीली मिठाई कहां से आई? जांच जारी प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है, लेकिन पुलिस के सामने बड़ा सवाल यह है कि वह अज्ञात व्यक्ति कौन था और मिठाई में कोई जहरीला पदार्थ था या नहीं। जुन्नारदेव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुटी है। नगर पालिका अध्यक्ष और BMO पहुंचे घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पोस्टमार्टम और फूड सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।


