जमशेदपुर में थार की टक्कर से युवक की मौत:घर का इकलौता बेटा था, मुआवजा और गिरफ्तारी की मांग पर टीएमएच में हंगामा

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बिष्टुपुर स्थित छप्पन भोग रेस्टोरेंट के सामने एक तेज रफ्तार थार गाड़ी की टक्कर से विष्णुपुर निवासी राजकुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि राजकुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। देर रात हुई इस घटना की जानकारी परिजनों को सुबह दी गई, जिसके बाद वे टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों ने देखा कि राजकुमार का शव वहां पड़ा हुआ है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इकलौता बेटा था राजकुमार परिजनों ने बताया कि राजकुमार सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और पूरे घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। घर में बुजुर्ग मां सहित परिवार के अन्य सदस्य उसी पर निर्भर थे। राजकुमार की मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के इतने घंटे बाद भी पुलिस न तो दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर पाई है और न ही किसी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। परिवार का कहना है कि यदि यह मामला किसी प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा होता तो अब तक प्रशासन हरकत में आ चुका होता। मुआवजा और गिरफ्तारी की मांग पर हंगामा उचित मुआवजे और दोषी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने टाटा मेन हॉस्पिटल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक प्रशासन मुआवजे की घोषणा नहीं करता और आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव अस्पताल से नहीं उठाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही दोषी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *