छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं सहित तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। यह हादसा धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र अंतर्गत चरमुड़िया रोड के पास हुआ। एक ट्रक और बाइक के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया और फिर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। बाइक पर एक ही परिवार के चार लोग सवार थे, जिसमें एक बच्चा भी शामिल था। ये सभी परखंदा से भखारा सेमरा जा रहे थे। घायलों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए कुरुद अस्पताल भेजा गया। मृतक बाइक चालक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।


