मेरे बेटे के कातिल कार्रवाई न करने वाले पुलिस अधिकारी:मुरैना कोतवाली पहुंचकर मां ने नई एफआईआर की मांग की, मृत्युंजय चौहान आत्महत्या मामला

बहुचर्चित वकील मृत्युंजय चौहान आत्महत्या मामले में ग्वालियर के गोले का मंदिर थाने में महिला एसआई प्रीति जादौन और उनके प्रेमी आरक्षक अराफात खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब मृतक की मां शिवकुमारी जादौन मुरैना की कोतवाली थाने पहुंची हैं और पूरे घटनाक्रम को लेकर एक और एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रही हैं। मुरैना के सरकारी क्वार्टर से शुरू हुआ था पूरा घटनाक्रम मृतक की मां का कहना है कि घटना की शुरुआत 12 दिसंबर को मुरैना पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर से हुई थी। यह क्वार्टर एसआई प्रीति जादौन का था। उस दिन मृत्युंजय चौहान अपनी मंगेतर प्रीति जादौन से मिलने वहां पहुंचे थे। वहां उन्होंने प्रीति को उसके प्रेमी आरक्षक अराफात खान के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। मारपीट और पिस्टल से फायर का आरोप परिजनों के आरोप हैं कि इसके बाद प्रीति जादौन और अराफात खान ने मृत्युंजय के साथ मारपीट की और अवैध पिस्टल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल नहीं चली। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। मृत्युंजय चौहान ने इसी दिन इस पूरी घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी थी और कोतवाली थाने में आवेदन भी दिया था, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में परेशान होकर मृत्युंजय ने आत्महत्या कर ली। मां का आरोप: कार्रवाई में लापरवाही मृतक की मां शिवकुमारी जादौन ने बताया कि वह दो बार एसपी को आवेदन दे चुकी हैं और अब तीसरी बार कोतवाली आई हैं। उनका आरोप है कि बेटे के साथ हुई मारपीट की एफआईआर आज तक दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत के लिए आरोपी ही नहीं, बल्कि कार्रवाई न करने वाले अधिकारी भी जिम्मेदार हैं। पुलिस का कहना: जांच जारी कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *