कुबेरेश्वर धाम में शिव महापुराण कथा की तैयारी तेज:रुद्राक्ष वितरण नहीं होगा; कलेक्टर ने पार्किंग व स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिए

सीहोर जिले के​​​​​ ​कुबेरेश्वर धाम में फरवरी में होने वाली शिव महापुराण कथा की तैयारियां जारी हैं। इस आयोजन के दौरान रुद्राक्ष वितरण पूरी तरह से बंद रहेगा। इस संबंध में स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं में किसी प्रकार का भ्रम न रहें। कलेक्टर बालागुरू के. ने रविवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। कलेक्टर ने जाम की समस्या से बचने के लिए पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिह्नांकन करने तथा श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए कथा स्थल को विभिन्न सेक्टरों में बांटा जाएगा। प्रत्येक सेक्टर में जिम्मेदार अधिकारी और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे, ताकि भीड़ का प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सके। पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश
फायर सेफ्टी के लिए फायर ब्रिगेड, अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी तरह उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्याऊ, टोंटी युक्त नल कनेक्शन और जल टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साफ-सफाई के लिए अस्थाई और चलित शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमित सफाई के लिए सफाई कर्मियों की शिफ्ट वार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा
विद्युत व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने सभी बिजली कनेक्शन सुरक्षित रखने, नो-मेन जोन का पालन करने और विद्युत कंपनी की टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने को कहा। नेटवर्क व्यवस्था और एलईडी स्क्रीन व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने भोजनशाला, कथा पंडाल, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल और कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजनशाला में स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कथा पंडाल को सुरक्षित और मजबूत बनाया जाएगा, जबकि कंट्रोल रूम पूरी तरह क्रियाशील रहेगा। आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, प्रशिक्षित चिकित्सकीय स्टाफ और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *