जांजगीर-चांपा जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। एक मामले में चाकू दिखाकर शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई थी, जबकि दूसरे मामले में 9 लीटर कच्ची महुआ शराब की बिक्री शामिल है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर ग्राम लछनपुर में छोटू गोंड के पास कच्ची महुआ शराब बिक्री की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने छापा मारकर 9 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। आरोपी छोटू गोंड के खिलाफ धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शराब के लिए पैसे न देने पर चाकू दिखाकर धमकाया दूसरा मामला जांजगीर के लिंक रोड का है। शनिवार शाम करीब 7 बजे एक युवक अपने दोस्तों के साथ बाजार की ओर जा रहा था। तभी 19 वर्षीय रेहान खान ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब युवक ने पैसे देने से इनकार किया, तो रेहान खान ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर उसे डराया-धमकाया और चाकू लहराने लगा। पुलिस ने चाकू समेत आरोपी को पकड़ा, आर्म्स एक्ट में केस सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी रेहान खान को पकड़ लिया। उसके पास से चाकू बरामद किया गया है। सिटी कोतवाली थाने में रेहान खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी, रेहान खान और छोटू गोंड, को संबंधित मामलों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


