उज्जैन में वज्र वाहन पर बैठकर चाइना डोर पर सख्ती:पुलिस का सख्त निगरानी अभियान, माइक से कर रहे अनाउंसमेंट

उज्जैन में प्रतिबंधित चाइना डोर (चाइनीज मांझे) से होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उज्जैन पुलिस ने शहरभर में विशेष जागरूकता एवं निगरानी अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसका मकसद आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और चाइनीज मांझे के अवैध उपयोग पर सख्ती से रोक लगाना है। अभियान के तहत उज्जैन पुलिस की टीमें वज्र वाहन में सवार होकर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, पुलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचीं। इनमें महाकाल थाना क्षेत्र, बेगम बाग, तोपखाना और महाकाल ब्रिज प्रमुख रूप से शामिल रहे। पुलिस ने माइक अनाउंसमेंट के माध्यम से आम नागरिकों और दुकानदारों को स्पष्ट रूप से चेताया कि चाइनीज मांझा बेचना या खरीदना कानूनन अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीमों ने शहर के सभी प्रमुख पुलों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान पहले से लगाए गए सुरक्षा तारों और फेंसिंग की स्थिति की जांच की गई, ताकि चाइना डोर से होने वाली दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। इसके साथ ही पतंग बाजारों और दुकानों के सामने रुककर दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि यदि कोई प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद से ऊपर से निगरानी भी की गई, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं भी खुलेआम चाइना डोर का उपयोग न हो। इसके अलावा पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर एंटी-डोर सेफ्टी गार्ड अवश्य लगवाएं, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान में वज्र वाहन का उपयोग पहली बार किया गया, जिसका प्रयोग आमतौर पर विरोध-प्रदर्शनों के दौरान किया जाता है। पुलिस का मानना है कि इस अभियान से न केवल अवैध चाइनीज मांझे पर नियंत्रण लगेगा, बल्कि आमजन में भी सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *