टीकमगढ़ में ‘कृषक कल्याण वर्ष’ का शुभारंभ, कृषि रथ रवाना:हर दिन 3 पंचायतों में जैविक-प्राकृतिक खेती के उपाय बताएगा

टीकमगढ़ में रविवार को कृषि विभाग ने ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर किसानों को कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्य पालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उनके घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम कुंडेश्वर रोड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना गया। उप संचालक कृषि मनोज कश्यप ने बताया कि कृषि वैज्ञानिक किसानों से संपर्क कर उन्हें नवीन और वैज्ञानिक तकनीकी सुधारों से अवगत कराएंगे। यह कृषि रथ 11 जनवरी से 11 फरवरी तक विकासखंड में किसानों के बीच प्रचार-प्रसार करेगा। एक दिन में तीन पंचायतों का भ्रमण किया जाएगा। कृषि रथ के संचालन और संबंधित निर्णयों के लिए एक जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया गया है। यह समिति सप्ताह में एक बार क्रियान्वयन की समीक्षा करेगी। प्रत्येक कृषि रथ के लिए एक तकनीकी दल होगा, जिसमें कृषि विभाग के प्रभारी, कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ और प्रगतिशील कृषक शामिल होंगे। रथ के पहुंचने से 3-4 दिन पहले संबंधित गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कृषि रथ के माध्यम से जैविक खेती और प्राकृतिक खेती का विस्तार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का प्रचार-प्रसार, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना, विभागीय कृषि योजनाओं का प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना, ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था और पराली प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी देंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत, भाजपा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष अंशुल व्यास, टीकमगढ़ एसडीएम संस्कृति लिटोरिया, उपसंचालक कृषि मनोज कश्यप, कृषि महाविद्यालय के डीन डीएस तोमर, वरिष्ठ वैज्ञानिक बीएस धाकड़ सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *