सिंधिया बोले- शिवपुरी का विकास मेरी हार्ड ड्राइव में फीड:देश का सातवां पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर खुलेगा; कहा- ‘जी राम जी’ पर कांग्रेस भ्रम फैला रही

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी दौरे के अंतिम दिन (रविवार) कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों, रोजगार के अवसरों, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति और आमजन की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अफसरों से संवाद करते हुए सिंधिया ने कहा कि जिले से जुड़ी हर बात उनकी हार्ड ड्राइव में फीड हो चुकी है और इन मुद्दों के निराकरण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। बोले- ‘जी राम जी’ पर कांग्रेस भ्रमित कर रही
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की ‘जी राम जी’ योजना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्षों से जनता को भ्रमित करने का काम करती आई है। सिंधिया ने कहा कि जिस योजना को पहले भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुधार कर नए सिरे से लागू किया है। कांग्रेस द्वारा इस योजना को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह निराधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आधुनिक ग्राम विकास योजना है, जिसे पूरे देश में लागू किया जा रहा है। पुरानी मनरेगा और ‘जी राम जी’ योजना के बीच कोई अंतर या गैप नहीं होगा। इस योजना के तहत अब 100 दिनों के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा। सभी कार्यों का डिजिटलीकरण और जियो-टैगिंग की जाएगी। किए गए कार्यों का भुगतान 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा। यदि भुगतान में देरी होती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले के इतिहास का सबसे बड़ा स्वास्थ्य शिविर
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि शिवपुरी जिले के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य शिविर 17 से 24 मार्च के बीच आयोजित किया जाएगा। यह शिविर श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य मिशन और रोटरी क्लब के सहयोग से होगा। उन्होंने बताया कि इस शिविर में देशभर से करीब 200 विशेषज्ञ डॉक्टर शिवपुरी पहुंचेंगे और हजारों मरीजों को निशुल्क जांच व उपचार का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भारत सरकार की योजना के तहत दिव्यांग शिविर का आयोजन शिवपुरी, गुना और अशोकनगर में किया जाएगा। इन शिविरों में दिव्यांगजनों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। शिवपुरी को बड़ी सौगात पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर
सिंधिया ने शिवपुरी के लिए एक और बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए कहा कि देशभर में वर्तमान में केवल 6 पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर हैं, लेकिन अब शिवपुरी में देश का 7वां पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर खुलेगा। करीब 111 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना में हर साल ढाई से तीन हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक वर्ष के भीतर इसके उद्घाटन के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सांख्य सागर झील की बदहाली पर बना एक्शन प्लान
माधव टाइगर रिजर्व स्थित सांख्य सागर झील, जिसे रामसर साइट का दर्जा प्राप्त है, आज जलकुंभी की समस्या से जूझ रही है। कभी नौकायन और पर्यटन का प्रमुख केंद्र रही यह झील अब अपनी पहचान खोती जा रही है। हालांकि एक साल पहले जलकुंभी हटाने के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से ड्रेजिंग मशीन लाई गई थी, लेकिन हालात में सुधार नहीं हो सका। इस पर सिंधिया ने बैठक में स्पष्ट कार्ययोजना बताई। उन्होंने कहा कि जलकुंभी हटाने के लिए अप-स्ट्रीम से डाउन-स्ट्रीम तक सफाई करनी होगी। जाधव सागर से करवला, सांख्य सागर से माधव लेख तक सफाई अभियान चलाना होगा। साथ ही शहर से झील में पहुंच रही गंदगी को रोकना जरूरी है। केवल जलकुंभी हटाना ही नहीं, बल्कि उसके बीजों को भी नष्ट करना होगा, तभी स्थायी समाधान संभव है। पोहरी रेलवे क्रॉसिंग और सिंचाई परियोजनाएं
सिंधिया ने पोहरी रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज को लेकर जानकारी दी कि रेलवे पार्ट के मुख्य ब्रिज का टेंडर और वर्क ऑर्डर 30 जनवरी तक जारी हो जाएगा। इस निर्माण को पूरा होने में लगभग 18 महीने का समय लगेगा। वहीं संनघटा सिंचाई परियोजना की प्रगति पर उन्होंने बताया कि बांध का कार्य 5 प्रतिशत और नहर का कार्य 32 प्रतिशत पूरा हो चुका है। यह परियोजना जनवरी 2027 तक पूरी कर ली जाएगी। बदरवास में अडानी की जैकेट फैक्ट्री
बैठक में रोजगार को लेकर एक और अहम जानकारी साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बदरवास में अडाणी समूह की जैकेट फैक्ट्री 20 जनवरी तक उद्घाटन के लिए तैयार हो जाएगी। शुरुआत में इस फैक्ट्री में 500 महिलाओं को रोजगार मिलेगा, जो आगे चलकर बढ़कर 1500 तक पहुंच जाएगा। इससे क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और स्थानीय रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। यह भी पढ़ें… सिंधिया बोले- 24 और 48 घंटे में पहुंचेंगे स्पीड पोस्ट केंद्रीय मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में स्पीड पोस्ट 24 और 48 की घोषणा की। पहले इस सेवा में डिलीवरी में 3–5 दिन लगते थे, लेकिन नई पहल के लागू होने पर पार्सल और दस्तावेज़ 24 या 48 घंटे में उपभोक्ताओं तक पहुंच सकेंगे। सिंधिया ने कहा, “यह पहल डाक विभाग को तेज, आधुनिक और भरोसेमंद लॉजिस्टिक नेटवर्क के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। समयबद्ध डिलीवरी आज हर व्यवसाय और नागरिक के लिए जरूरी है। स्पीड पोस्ट 24 और 48 इसी आवश्यकता को ध्यान में रखकर शुरू की जाएंगी।” पूरी खबर पढ़िए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *