छिंदवाड़ा जिले में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे से एक 9 साल के बच्चे का कान कट गया। रविवार को घर के बाहर खेल रहे 9 वर्षीय अथर्व कराड़े चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। हादसे में अथर्व का कान बुरी तरह कट गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इससे पहले, महज दो दिन पहले ही चाइनीस मांझे से एक व्यक्ति की गर्दन कट गई थी, जिसमें उसे 43 टांके लगाने पड़े थे। इसके बावजूद प्रशासन की सख्ती सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है। खेलते वक्त मांझा कान को छूते हुए गया जानकारी के अनुसार, अथर्व कराड़े अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक हवा में लटका चाइनीस मांझा उसके कान से टकरा गया, जिससे गहरा घाव हो गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कान पर टांके लगाए। डॉक्टरों के मुताबिक, कान को काफी नुकसान पहुंचा है और बच्चे को निगरानी में रखा गया है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस विभाग और नगर निगम की कार्रवाई सिर्फ हल्की-फुल्की जब्ती तक सीमित है। प्रतिबंधित चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है और उड़ाया जा रहा है, जिससे आमजन और खासकर बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में ऐसे हादसे और भी बढ़ सकते हैं। मासूम का इस तरह घायल होना प्रशासनिक लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। फिलहाल अथर्व कराड़े का अस्पताल में इलाज जारी है। उसका कान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। यह खबर भी पढ़ें… चाइनीज मांझे से बेनटेक्स व्यापारी का गला कटा छिंदवाड़ा में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बेनटेक्स ज्वेलरी बेचने वाले रामगिरी गोस्वामी का गला कट गया। उन्हें बचाने तीन ऑपरेशन किए गए। 43 टांके आए हैं। उन्हें लिक्विड डाइट पर रखा गया है। डॉक्टर्स ने तीन महीने आराम करने की सलाह दी है। यह घटना 2 जनवरी की है, जब वे अपनी पत्नी के साथ चांद, बीसापुर कला और लिंगा होते हुए छिंदवाड़ा लौट रहे थे। चंदन गांव स्थित शराब भट्टी के पास सड़क पर फैला चाइनीज मांझा अचानक उनके गले में लिपट गया, जिससे गला बुरी तरह कट गया। पूरी खबर पढ़ें…


