मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत आज भिंड रेलवे स्टेशन से द्वारिकाधीश–सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन रवाना की गई। दोपहर 3 बजे चली इस ट्रेन में जिले के करीब 200 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों ने यात्रा प्रारंभ की। विधायक भिंड नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत भिंड जिले के बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान किया गया। भिंड रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक भिंड नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। तीर्थ यात्रियों के परिजन भी स्टेशन पर विदाई के समय उपस्थित रहे।यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समन्वय के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। योजना के तहत यात्रा, भोजन, ठहराव और आवश्यक व्यवस्थाएं शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान एडीएम एल.के. पाण्डेय, एसडीएम भिंड अखिलेश शर्मा, डिप्टी कलेक्टर महेन्द्र सौजन्य, सीएमओ भिंड, सीईओ जनपद पंचायत भिंड सहित रेल प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे।


