राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रविवार को राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में एक विशेष मैराथन का आयोजन किया गया। घना कोहरा और कड़ाके की ठंड के बावजूद सैकड़ों युवाओं ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज, खिलचीपुर द्वारा ‘युवाओं की दौड़, स्वर्णिम भारत की ओर’ थीम पर आयोजित इस मैराथन 2026 ने समाज में राष्ट्रनिर्माण की चेतना जगाई। मैराथन को प्रातः 8:30 बजे ब्रह्मकुमारीज की जिला प्रभारी मधु दीदी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल दागी, ओम गुप्ता, पार्षद राकेश जायसवाल, एसबीआई सहायक प्रबंधक आशीष दुबे और कृष्णपाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 5 किलोमीटर लंबी यह दौड़ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ब्रह्मकुमारीज के शिवदर्शन सेवाकेंद्र, खिलचीपुर पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में संभागीय खेल अधिकारी शर्मिला डाबर, पूर्व विधायक डॉ. रामप्रसाद दागी, टीआई उमाशंकर मुकाती, नगर परिषद अध्यक्ष रंजनकी मालाकार, नरेंद्र राजपूत और मनोज शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें नशा, तनाव और दिशाहीनता से दूर रहकर खेल, सेवा और सकारात्मक सोच से जुड़ना चाहिए। प्रतियोगिता के परिणामों में बालक वर्ग में लखन सौंधिया ने प्रथम, कुलदीप विश्वकर्मा ने द्वितीय और शुभम सम्रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में मुस्कान वर्मा प्रथम, प्रियंका तोमर द्वितीय और कनिका कुशवाह तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी धावकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी ने किया। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से राजयोग मेडिटेशन अपनाने का आह्वान किया, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होकर समाज व देश को नई दिशा दे सकें।


