बैतूल के हमलापुर क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में 44 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उमेश प्रजापति (44 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुभाष वार्ड, बारूद कारखाने के पास, हमलापुर, थाना गंज के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, उमेश रविवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच अपने घर के पास स्थित किराना दुकान पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उमेश सड़क पर गिर गए और डंपर का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई। महाराष्ट्र पासिंग का है वाहन
घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक उमेश प्रजापति ईंट भट्ठे का संचालन करते थे और उनके दो बेटे हैं। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर और चालक की तलाश शुरू कर दी है। डंपर महाराष्ट्र के अमरावती की पासिंग का है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


